सोमवार, 31 अक्तूबर 2011

सिर्फ एक आम आदमी


विश्वत सेन
वह दीपक नहीं, पर जलता है
वह हीरा नहीं, पर घिसता है
वह सोना नहीं, पर तपता है
वह शोषित है, पर आह नहीं
वह राही है, पर राह नहीं
वह इस जग का दुत्कार है।
दीन-दुखियों की पुकार है
फटे-पुराने चीथड़ों पर,
रोटी के दो-एक टुकड़ों पर
जीवन गुजारा करता है,
कभी न आहें भरता है
न जीता है, न मरता है,
लेकिन गुजारा करता है।
जग के प्यारे हैं सारे,
राज दुलारे हैं सारे
पह वह इस जग का है मारा
युग के जुए को है सम्हारा
न देखता है वह आगे
और न देखता है वह पीछे,
एक राह पर चल रहा वह
बस अपनी आंख मीचे।
लग ही जाती है सहसा,
दुनिया की ठोकरें
गिर ही जाता है वह सहसा,
शहर के उस मोड़ पे
जहां पर अल्फ्रेड की
बुत है एक खड़ी
और खाने को पड़ी है
बेंत की वो चार छड़ी।
कोई मुलाजिम आएगा,
उस मोड़ पर अकड़कर
और साथ ले जाएगा उसे
हथकड़ियों में जकड़कर।
जाके थानेदार से,
वह कहेगा चार बातें,
पीठ पर उसकी पड़ेगी
कोतवाल की सात लातें
और कहा जाएगा उससे,
बोल तू ने कितनी पी है
या कि तेरी जेब में,
शराब की बोतल पड़ी है।
जग का मारा, वह बेचारा
मांगेगा थोड़ा-सा पानी,
चार हंटर खाने पर फिर
याद आ जाएगी नानी।
डेमोक्रेटिक इस देश में,
यह नहीं है, वह नहीं है
पर है यह इस देश का
सिर्फ एक आम आदमी।

शनिवार, 29 अक्तूबर 2011

नहीं फटेगी छाती

विश्वत सेन 
चाक हाल देख कुम्हार का 
चाक चाक़ से बोला
बिना चाप के चाल न होगी
औ चाल रह जायेगा खुल्ला
मिट्ठी करो जरा पाणी को 
धूल धौल गिर जमाव 
हरिणी के दिन आवेंगे 
धन पावस लियो कराय
विधु हिरणी-सी चमकत हरिणी 
वेद-वेदांत पूजाय
मृदुमृदा के सेज-सज्जा पर 
इन्हें लियो बुलाय
ताहि समय देख केहु पाहन 
पायन लियो पखार 
घृत, दधि, अईपन के बिना भी
आरती लियो उतार
चक्र चाव सुन जागा चक्रधर 
धरणी लियो सम्हार
धर धरनी ओटन लगे 
करन लगे बेडा पार
ताहि समय कछु देख कै
हरिणी का हिया डोला 
रजत, ताम्र, सुवर्ण, पुष्प लै
चक्रधर से बोला 
पूरी हुयी धरणी तुम्हारी 
अब बनेगी चाल 
चाक चाप के धरियो
नहीं रहोगे फटेहाल 
हरिणी के सम्मुख देख कै 
चक्रधर भये निढाल 
धूल पाणी जोड़ी कै 
चरणामृत दिए डाल
धन्य भया जीवन उनका 
धन्य भई चकबाती
अब हरिणी के बिना कभी 
नहीं फटेगी छाती

शुक्रवार, 28 अक्तूबर 2011

तामस से कभी प्यार न कर


विश्वत सेन
दुर्वासा ही नहीं थे जग में,
जिनको गुस्सा आता था।
सृष्टि के हर प्राणी को,
अब भी गुस्सा आता है।।
गुस्से के वशीभूत होकर,
मनुज-दनुज बन जाता है।
विभीषण-शकुनी को तजकर,
सीधा समर कर जाता है।।
कभी अकारण आता है यह,
कभी सकारण आता है।
जब आता, तब होश न रहता,
जाते मनुज पछताता है।।
क्षणभर के आवन-जावन में,
सुषुप्त लहू को भड़काता है।
दीनबंधु से वैर करावे,
सरोकार तुड़वाता है।।
जग में तिल-तिल जीने को,
विवश यही करवाता है।
सुविचारी-कुविचारी को,
जवान-ए-जंग बनवाता है।।
अपने पे यदि आ जाए मनुज,
तो वंश नष्ट हो जाता है।
बैठ निखट्टू फिर जीवनभर,
वही मनुज पछताता है।
शंभू नहीं अब कोई जग में,
जो गरलाम्बु पी जाएगा।
नीलकंठ से लिपट गरलधर,
शीत-शांत हो जाएगा।।
सब मानव तनधारी हैं,
कलियुग के व्यभिचारी हैं।
पल-दो-पल सब्र को,
जो न कभी बांधा है।
जिसने दमभर के लिए सही,
खुद को न कभी साधा है।।
वह जग को अब क्या बांधेगा,
असाध्य को क्या साधेगा?
खुद को साधे, सब सधता है,
बिना बांधे सब बंधता है।
सुयोधन ही जब साध न सका,
अखिल ब्रह्म को बांध न सका।
तू तो मात्र मनुज है,
इन दुराचारियों का अनुज है।
परजीवि, परगामी है,
दशानन का अनुगामी है।।
वह भी किसी का हो न सका,
बंधु विच्छेद पर रो न सका।
ईश्वर को भज लेता तो,
क्रोध को तज लेता तो,
अभिमानी, हतभागी न बनता।
गार्हस्थ जीवन का वैरागी न बनता।।
कंद, मकरंद और वैरागी,
तीनों अनुग्रह के अधिकारी।
उठकर तू हुंकार तो कर,
‘हरियाली’ का सत्कार तो कर।
जुड़ जायेंगे, दिग-दिगन्त,
तेरा यश भी होगा जीवन्त।
बड़ों से कभी रार न कर,
तामस से कभी प्यार न कर।
तामसी यदि होती दुनिया,
‘अमर प्रेम’ न करती दुनिया।
जीवन है अनमोल रतन,
बाकी हैं सब तुच्छ धन।
प्राणी मात्र की रक्षा कर,
तामस से कभी प्यार न कर।।

सोमवार, 24 अक्तूबर 2011

सफलता का सरल यन्त्र


विश्वत सेन 
पहले उठकर करो प्रणाम 
निज मात-पिता हैं धरती के धाम!
अतिथि-अभ्यागत हैं दूसरे देव 
जग में उत्तम हैं गुरुदेव!!
मात-पितर की पूजा करना,
गुरुओं को देना सम्मान!
अतिथि-अभ्यागत की पूजा करना,
प्रबुद्धजनों का रखना मान!!
फिर करो तुम कल की चिंता
जागने से सोने तक औ'
सोने से जागने तक,
कर्मदेव की पूजा करना 
फलाफल से जी न भरना!
बन जायेंगे बिगड़े काम
ईश्वर का तुम धरना ध्यान!
जिसने लिया आलस का सहारा 
उसे फिर कष्टों ने मारा!
कई थपेड़े सहने पड़ेंगे 
आतप-आंधी सहने पड़ेंगे!
फिर न मिलेगा कोई सहारा 
क्यूंकि आलस ने है तुमको मारा!!
प्रबुद्धजनों की मानों बात 
कभी न आएगा झंझावत!
जीवन सुखमय हो जायेगा,
फिर न कभी तू पछतायेगा!!
यदि तुमने कभी 'सार' न सीखा,
रह जाओगे 'ठूंठ' सरीखा!
यही जीवन का हिया मूल मंत्र
सफलता का सरल यन्त्र!

त्रिशूल गायब

विश्वत सेन
एक बार हिम शिखर पर
उठा बवंडर भारी 
गुस्से से लाल-पीले 
हो रहे थे जटाधारी  
उनका त्रिशूल गायब था 
हो रही थी उन्हें फ़िक्र भारी 
माता जया से सक्रोध पूछा,
बता, त्रिशूल कहाँ है नारी?
शांत भाव से माता बोलीं,
क्रोध तजो तो त्रिपुरारी.
आज शाम पुत्र गणेश 
जा रहा था बाज़ार,
संग में उसके जा रही थी,
एक सुन्दर लड़की प्यारी
चाउमीन खाने को कहता था,
पर नहीं था घर में आटा.
कह गया है मुझसे, कह देना 
ले जाता हूँ पापा का कांटा

रविवार, 23 अक्तूबर 2011

अनजान पथ का राही हूं


अनजान पथ का राही हूं
फक्कड़पन का हमराही हूं
तिमिरांध मिटाना है मुझको
ज्ञानांजन लगाना है मुझको
दुर्गम पथ हो मेरा आलोकित
यदि ज्ञान दें हमको समयोचित
अडिग अविचल डटा रहूंगा
नीलकंठ से सटा रहूंगा
यही मेरी अभिलाषा है
मृगतृष्णा है, मृदुभाषा है

गुरुवार, 20 अक्तूबर 2011

चित्कारता क्यूं है मनुज?




विश्वत सेन

चित्कारता क्यूं है मनुज?
दहाड़ता क्यूं है मनुज?
जब मन का नहीं होता,
तो मन को मारता क्यूं है मनुज?
कूदरत की तरह नेमतें देती है ज़िंदग़ी
ग़र हो मुकाबिल,
तो मौके भी देती है ज़िंदग़ी
हर कदम पे पड़ा है किस्मत का ख़ज़ाना
हर शख्स को एक अक्ल भी
देती है ज़िंदग़ी
ग़र क़ाहिली को बेबसी बताए कोई
तो बेकसी का सितम भी ढाती है ज़िंदग़ी
फिर हाल-बेहाल होकर
पछताता क्यूं है मनुज?

शुक्रवार, 14 अक्तूबर 2011

स्वार्थ में दुनिया पड़ी है कब से अंधी



विश्वत सेन

वह बेचारा, वक्त का हारा
जीवन पथ पर यूं अकेला
फिर रहा था मारा-मारा
जिंदगी जिंदादिली का नाम है
 काहिलों का फिर यहां क्या काम है
है अगर जिंदगी का यही फलसफा
तो बेचारे के लिए फिर ये जहां
साल-दर-साल तक क्यों चुप रहा?
कौन अपना है पराया जानकर
बेमुरादों को सहारा मानकर
बेधड़क पथ पर यूं बढ़ता रहा
बैल को भी बाप कह चलता रहा
दोस्त और दुश्मनों की है परख
पर दोस्त ही है दुश्मनी निभा रहा
नहीं हो रही जिंदगी की जुगलबंदी
स्वार्थ में दुनिया पड़ी है कब से अंधी
भाई को भाई रास नहीं है आ रहा
खून का भी रंग है बदलता जा रहा
होंगे बिरले जिंदगी में जिनकी कभी
हो रही होगी उनके जीवन में जुगलबंदी
पर यहां तो रात का राजा पड़ा है
राह में कुछ झपटने को आतुर खड़ा है
अहर्निश में एक दाना मुंह में पड़ा है
और झपट लेने को कुत्ता भी अड़ा है
पास में ही एक बच्चा सो रहा
क्षुधा तृप्ति के लिए था रो रहा
पर हाय! न थी उसके पास रोटी
और न काटकर देने के लिए ही बोटी
सब दधीचि बन न जाते हैं यहां
दूसरों को नोचकर खाते हैं यहां
वह अकेला ही बेचारा है नहीं इस देश में
अनगिनत बेचारे हैं न जाने के किस वेष में
जिनकी जिंदगी की हो न पाती जुगलबंदी
क्योंकि स्वार्थ में दुनिया पड़ी है कब से अंधी
स्वार्थ में दुनिया पड़ी है कब से अंधी

बुधवार, 12 अक्तूबर 2011

यौवन पर डाका?




विश्वत सेन

तनिक अटारी ठाढ़ भई, सुंदर-सी कचनार
कबहुं घुंघट पट खोल दे, कबहुं झरोखे झांक
कंचन कामिनी देख कै, लौंडन छोड़े उच्छवास
मधुर मिलन की आस में, करन लगे उपवास
यौवन पर डाका देख कै, काकी का तन-मन डोला
काका के सम्मुख जाय के, कर्णपात्र में विष को घोला
काका के बदले तेवर, चल पड़ा जुबाने खंजर
लौंडन के हिय को बेधा, कामिनी को छेदा
काका के तेवर देख कै, लौंडन भए तितर-बितर
अटारी पर न कामिनी रही, न देहरी पर मंजर

जाति विशेष की धरोहर नहीं है ‘दलित’



विश्वत सेन
भारतीय राजनीति का प्रचलित शब्द ‘दलित’ जाति विशेष के साथ जुड़कर रूढ़ हो गया है, मगर हमारे देश के मनीषियों और कवियों ने शतकों पहले व्यापक पैमाने पर इसका आकलन किया है। आधुनिक राजनीतिक और मीडिया जाति विशेष पर हो रहे अत्याचार और उनकी मांगों पर हाय-तौबा मचाते हैं, लेकिन कवियों ने देश के हर दीन-हीन और लाचार को दलित माना है। उनके लिए दलित शब्द किसी जाति विशेष के दायरे में सिमटा हुआ नहीं था, बल्कि इसकी व्यापकता अपार थी। तभी तो मुक्तछंद के प्रवर्तक और छायावादी कवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ ने पूरी कविता ही दलितों पर लिख डाली है। उन्होंने ‘दलित जन पर करो करुणा’ नामक कविता में ईश्वर यानी गुलाम भारत के शासक अंग्रेजों से दलितों पर दया करने की गुहार लगाई है। इसमें उन्होंने अंग्रेजी सरकार से स्पष्ट रूप से कहा है कि तुम लोगों पर इतना अधिक अत्याचार न करो। दीन-हीन, गरीब की गरीबी तो इस देश की नीयति है, लेकिन तुम्हारा अत्याचार उनसे कहीं अधिक दीन-हीन है। 
इतना ही नहीं ‘निराला’ ने अकेले दलितों के माध्यम से ही सरकार पर प्रहार नहीं किया है, बल्कि ‘वह तोड़ती पत्थर, देखा मैंने इलाहाबाद के पथ पर’ में आजादी के बाद की सरकारों की दशा-दिशा का भी अनोखा चित्रण किया है। यह उनकी कलम की धार का ही कमाल है कि उन्होंने आजादी के बाद और उसके पहले की देश की दयनीय स्थिति का चित्रण महज चंद शब्दों में पूरा कर दिया है। यह नियंता की मार नहीं, बल्कि देश के नीति-निर्धारकों की अदूरदर्शी सोच का दुष्परिणाम है। आज देश के गरीब गरीबी की दलदल में पहले से कहीं अधिक धंसते जा रहे हैं और अमीर अमीरी की अट्टालिका बना रहे हैं। इस असमानता का कोई परावार नहीं है।
दरअसल, सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’  हिन्दी कविता के छायावादी युग के चार प्रमुख स्तंभो में से एक हैं। अपने समकालीन कवियों से इतर उन्होंने कविता में कल्पना कम और यथार्थ को प्रमुखता से चित्रित किया है। वे हिन्दी में मुक्तछंद के प्रवर्तक भी हैं। हिन्दी साहित्य के सर्वाधिक चर्चित साहित्यकारों में से एक निराला का जन्म बंगाल की रियासत महिषादल (जिला मेदिनीपुर) में माघ शुक्ल एकादशी संवत 1955 तदनुसार 21 फरवरी सन 1899 में हुआ था। उनकी कहानी संग्रह लिली में उनकी जन्मतिथि 21 फरवरी 1899 अंकित की गई है। वसंत पंचमी पर उनका जन्मदिन मनाने की परंपरा 1930 में प्रारंभ हुई। उनका जन्म रविवार को हुआ था, इसलिए सुर्जकुमार कहलाए। उनके पिता पंडित राम सहाय तिवारी उन्नाव (बैसवाड़ा) के रहने वाले थे और महिषादल में सिपाही की नौकरी करते थे। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले का गढ़कोला नामक गांव के निवासी थे।
निराला की शिक्षा हाई स्कूल तक हुई। बाद में हिन्दी संस्कृत और बांग्ला का स्वतंत्र अध्ययन किया। पिता की छोटी-सी नौकरी की असुविधाओं और मान-अपमान का परिचय निराला को आरंभ में ही प्राप्त हुआ। उन्होंने दलित-शोषित किसान के साथ हमदर्दी का संस्कार अपने अबोध मन से ही अर्जित किया। तीन वर्ष की आयु में माता का और बीस वर्ष का होते-होते पिता का देहांत हो गया। अपने बच्चों के अलावा संयुक्त परिवार का भी बोझ निराला पर पड़ा। प्रथम विश्वयुद्ध के बाद फैली महामारी में न सिर्फपत्नी मनोहरा देवी, बल्कि चाचा, भाई और भाभी का भी देहांत हो गया। शेष कुनबे का बोझ उठाने में महिषादल की नौकरी अपर्याप्त थी। इसके बाद का उनका सारा जीवन अनर्थपूर्ण आर्थिक संघर्ष में बीता। निराला के जीवन की सबसे विशेष बात यह है कि कठिन-से-कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने सिद्धांत त्यागकर समझौते का रास्ता नहीं अपनाया, संघर्ष का साहस नहीं गंवाया। जीवन का उत्तरार्द्ध इलाहाबाद में बीता। वहीं दारागंज मोहल्ले में स्थित रायसाहब की विशाल कोठी के ठीक पीछे बने एक कमरे में 15 अक्तूबर 1961 को उन्होंने अपनी इहलीला समाप्त की।
बता दें कि ‘निराला’ की पहली नियुक्ति महिषादल राज्य में ही हुई। उन्होंने 1918 से 1922 तक यह नौकरी की। उसके बाद संपादन, स्वतंत्र लेखन और अनुवाद कार्य की ओर प्रवृत्त हुए। 1922 से 1923 के दौरान कोलकाता से प्रकाशित समन्वय का संपादन किया। 1923 के अगस्त से मतवाला के संपादक मंडल में कार्य किया। इसके बाद लखनऊ में गंगा पुस्तक माला कार्यालय में उनकी नियुक्ति हुई, जहां वे संस्था की मासिक पत्रिका सुधा से 1935 के मध्य तक संबद्ध रहे। 1935 से 1940 तक का कुछ समय उन्होंने लखनऊ में भी बिताया। इसके बाद 1942 से मृत्यु पर्यन्त इलाहाबाद में रह कर स्वतंत्र लेखन और अनुवाद कार्य किया। उनकी पहली कविता जन्मभूमि प्रभा नामक मासिक पत्र में जून 1920 में, पहला कविता संग्रह 1923 में अनामिका नाम से, तथा पहला निबंध बंग भाषा का ‘उच्चारण’ अक्तूबर 1920 में मासिक  पत्रिका सरस्वती में प्रकाशित हुआ। वे जयशंकर प्रसाद, सुमित्रानंदन पंत और महादेवी वर्मा के साथ हिन्दी साहित्य में छायावाद के प्रमुख स्तंभ माने जाते हैं। उन्होंने कहानियां उपन्यास और निबंध भी लिखे हैं, किन्तु उनकी ख्याति विशेषरूप से कविता के कारण ही है।
‘निराला’ की काव्यकला की सबसे बड़ी विशेषता है चित्रण-कौशल। आंतरिक भाव हो या बाह्य जगत, उनके दृश्य-रूप, संगीतात्मक ध्वनियां हो या रंग और गंध, सजीव चरित्र हों या प्राकृतिक दृश्य, सभी अलग-अलग लगने वाले तत्वों को घुला-मिलाकर निराला ऐसा जीवंत चित्र उपस्थित करते हैं कि पढ़ने वाला उन चित्रों के माध्यम से ही निराला के मर्म तक पहुंच सकता है। निराला के चित्रों में उनका भावबोध ही नहीं, उनका चिंतन भी समाहित रहता है। इसलिए उनकी बहुत-सी कविताओं में दार्शनिक गहराई उत्पन्न हो जाती है। इस नए चित्रण-कौशल और दार्शनिक गहराई के कारण अक्सर निराला की कविताएं कुछ जटिल हो जाती हैं, जिसे न समझने के नाते विचारक उन पर दुरूहता आदि का आरोप लगाते हैं। उनके किसान-बोध ने ही उन्हें छायावाद की भूमि से आगे बढ़कर यथार्थवाद की नई भूमि निर्मित करने की प्रेरणा दी। विशेष स्थितियों, चरित्रों और दृश्यों को देखते हुए उनके मर्म को पहचानना और उन विशिष्ट वस्तुओं को ही चित्रण का विषय बनाना, निराला के यथार्थवाद की एक उल्लेखनीय विशेषता है। निराला पर आध्यात्मवाद और रहस्यवाद जैसी जीवन-विमुख प्रवृत्तियों का भी असर है। इस असर के चलते वे बहुत बार चमत्कारों से विजय प्राप्त करने और संघर्षों का अंत करने का सपना देखते हैं। निराला की शक्ति यह है कि वे चमत्कार के भरोसे अकर्मण्य नहीं बैठ जाते और संघर्ष की वास्तविक चुनौती से आंखें नहीं चुराते। कहीं-कहीं रहस्यवाद के फेर में निराला वास्तविक जीवन-अनुभवों के विपरीत चलते हैं। हर ओर प्रकाश फैला है, जीवन आलोकमय महासागर में डूब गया है आदि ऐसी ही बातें हैं। यह रहस्यवाद निराला के भावबोध में स्थायी नहीं रहता, वह क्षणभगुर ही साबित होता है। अनेक बार निराला शब्दों, ध्वनियों आदि को लेकर खिलवाड़ करते हैं। इन खिलवाड़ों को कला की संज्ञा देना कठिन काम है। लेकिन सामान्यत: वे इन खिलवाड़ों के माध्यम से बड़े चमत्कारपूर्ण कलात्मक प्रयोग करते हैं। इन प्रयोगों की विशेषता यह है कि वे विषय या भाव को अधिक प्रभावशाली रूप में व्यक्त करने में सहायक होते हैं। निराला के प्रयोगों में एक विशेष प्रकार के साहस और सजगता के दर्शन होते हैं। यह साहस और सजगता ही निराला को अपने युग के कवियों में अलग और विशिष्ट बनाती है।

बुधवार, 5 अक्तूबर 2011

सत्ता सुख का मोहपाश


भाजपा के रथी लाल कृष्ण आडवाणी सत्ता का सुख पाने के लिए रथ यात्रा निकालते हैं, लेकिन दुरभाग्यवश वह हर बार गच्चा खा जाते हैं। रथी का मनोरथ पूरा नहीं हो रहा है। उम्र के ढलान पर भी उनके मन से सत्ता का लोभ अंकुरित हो रहा है। इस उम्र में उन्हें भजन-कीर्तन करना चाहिए था, मगर वह अब भी सत्ता सुख के लो•ा से वंचित नहीं हो पाए हैं। जनता की गाढ़ी कमाई पर रथ यात्रा निकालते हैं। चाहे वह पार्टी का पैसा हो या सरकार का, आखिर है तो इस देश की जनता का ही। भ्रष्टचार की आवाज बुलंद करने वाले भाजपाइयों को क्या यह दिखाई नहीं देता? क्या यह दिखाई नहीं देता कि मुंह में सत्ता का खून लगाए बूढ़ा शेर दूसरी पंक्ति के नेताओं को आगे बढ़ने नहीं देना चाहता? 

विश्वत सेन 
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप-प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी ने सत्ता के लोभ में जब-जब रथ यात्राएं निकालीं, देश को नुकसान हुआ। पार्टी और पब्लिक का पैसा पानी की तरह बहाया गया, मगर हर यात्रा की समाप्ति के बाद उन्हें या उनकी पार्टी को कुछ हासिल नहीं हुआ। अलबत्ता, देश को सांप्रदायिक हिंसा की आग में झोंक दिया गया। जिस सत्ता सुख की पूर्ति के लिए उन्होंने यात्राएं शुरू की, मगर उन्हें यह सुख नहीं मिल पाया। इसके बावजूद वह अभी तक सत्ता सुख के लोभ से वंचित नहीं हो पाए हैं। चाहे वह राम रथ यात्रा हो या फिर भारत उदय यात्रा। हर यात्रा में नुकसान ही उठाना पड़ा है। हर बार गच्चा खाया, लोगों को मुगालते में रखा और अदूरदर्शी फैसले लोगों पर थोपा, फिर भी कुछ हासिल नहीं हुआ। राम रथ यात्रा के दौरान दंगे हुए, जिसमें हजारों बेगुनाहों का खून बहा और सरकारी तंत्र का इस्तेमाल किया गया। इससे अभी तक आम जनता ही नहीं, न्यायपालिका और कार्यपालिका भी नहीं उबर पाई है। हर बार की यात्रा के दौरान सुरक्षा के लिए सरकारी तंत्र को मुश्तैद होना पड़ता है। उनकी सुरक्षा का विशेष प्रबंध करना पड़ता है। सांप्रदायिक दंगा को नियंत्रित करने की व्यवस्था करनी पड़ती है और इन पर राज्य सरकारों को बहाने पड़ते हैं करोड़ों रुपये। आडवाणी की हर यात्रा का एकमात्र उद्देश्य सत्ता प्राप्त करने का होता है, मगर इस रथी का मनोरथ हर बार अधूरा ही रह जाता है।
यह बात दीगर है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी की उम्र भले ही ढलान पर हो, लेकिन इस 84 साल के उम्र में भी वे खुद को सत्ता के लोभ से मुक्त नहीं कर पाए हैं। जिस उम्र में आदमी भजन-कीर्तन करता है, उस उम्र में भी उनके मन में सत्ता का लोभ संवरित है। आखिर क्यों? क्यों नहीं, वे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तरह सक्रिय राजनीति से सन्यास लेकर दूसरी पंक्ति के नेताओं को पनपने दे रहे? हर बार वे सरकार और देश को अस्थिर कर सत्ता के गलियारे में पहुंचने का प्रयास करते हैं और हर बार उन्हें असफलता ही हाथ लगती है। सबसे बड़ा गच्चा तो 2004 में खाए, जब उन्होंने ‘इंडिया शाइनिंग’ ‘फील गुड’ के समय अपनी रथ यात्रा निकाली। किसी को भी जानकर हैरत होता है कि 2004 के मार्च से शुरू ‘भारत उदय यात्रा’ के पहले केंद्र की राजग सरकार ने ‘इंडिया शाइनिंग’ और ‘फील गुड इंडिया’ के प्रचार पर सौ अरब से भी अधिक राशि फूंक दिया। इसके बावजूद न तो सरकार को और न ही पार्टी को कुछ हासिल हुआ। उल्टे, 2004 के आम चुनाव में पार्टी ही नहीं, राजग को करारी हार का सामना करना पड़े। इसके बाद भी बूढ़े शेर के मुंह में लगे खून का स्वादर नहीं गया और इसके बाद भी कई यात्राएं की गर्इं। देश के लोगों को लोभ की बेदी पर कुर्बान किया गया और यह सिलसिला बदस्तूर जारी है। अब देश के पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर यह यात्रा शुरू की जा रही है।
इन सबके बीच सवाल यह उठता है कि भ्रष्टाचार और कालाधन के नाम पर सरकार की नाक में दम करने वाली भाजपा के अन्य सदस्य आडवाणी और उनके खेमे के लोग उनसे इसका हिसाब क्यों नहीं लेते? क्या रथ यात्राओं में खर्च की गई धनराशि जनता की गाढ़ी कमाई का हिस्सा नहीं है? क्या यह भ्रष्टाचार का नमूना नहीं है कि एक नेता निहित स्वार्थों की पूर्ति के लिए कुछ भी करने को आमादा है? हर बार संकीर्ण मानसिकता को प्रचारित कर देश को सांप्रदायिक दंगे की आग में झोंका जाता है। उनसे क्यों नहीं पूछा जाता कि इस प्रजातांत्रिक देश में रथ यात्रा करने का औचित्य क्या है? क्या रथ उनकी सामंती सोच का परिचायक नहीं है। अमूमन रथ का इस्तेमाल राजा-महाराजा किया करते थे। गरीबों के पास बैलगाड़ी भी नसीब नहीं थी। उनकी सामंती सोच का ही नतीजा है कि आज की युवा पीढ़ी भावनात्मक रूप से उनकी मुहिम से जुड़ नहीं पा रही है। बावजूद इसके वह अपने मुट्ठीभर लोगों के सहारे बार-बार रथ यात्राएं निकाल रहे हैं। आडवाणी रथ यात्रा करके आखिर क्या साबित करना चाहते हैं? क्या उम्र के इस पड़ाव में वे खुद को सत्ता के लालच से खुद को मुक्त कर पाएं हैं?

राम रथ यात्रा
25 सितंबर 1990 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन पर नवरात्र के समय सोमनाथ शुरू की गई थी भाजपा व लाल कृष्ण आडवाणी की पहली राजनीतिक यात्रा। दावा था छद्म धर्मनिरपेक्षतावादियों को उनका असली चेहरा दिखाने का, लेकिन सांप्रदायिकता के भंवरजाल में खुद फंस गए। मुद्दा राम जन्मभूमि को मुक्ति दिलाने का था। राष्ट्रीय एकता को अल्पसंख्यकों के हाथ की कठपुतली बताया गया। इसमें सैकड़ों लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा, राष्ट्रीय संपत्ति का नुकसान उठाना पड़ा और रथ यात्रा में लाखों रुपये पानी की तरह बहाया गया। इस यात्रा से उपजे विवाद के निपटारे के लिए सरकार के आयोग का गठन करना पड़ा, जिसके लिए आत करोड़ों रुपये खर्च किए गए। रथ यात्रा के समापन पर हुई हिंसा से जुड़े मुकदमों के निपटारे और सुनवाई के लिए आयोध्या की निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट की कीमती समय जाया हुआ और इस मुकदमे को लड़ने में लंबे समय तक लाखों रुपये को पानी की तरह बहाया गया। इन सबके बावजूद अब तक न तो राम मंदिर का निर्माण हुआ और न ही अल्पसंख्यक सांप्रदायिक तत्वों से राम जन्मभूमि को मुक्ति। अलबत्ता, सत्ता के गलियारे तक पहुंचने के लिए इस रथ यात्रा से आडवाणी की लोकप्रियता एक कट्टर हिंदूवादी नेता के रूप में जरूर मिली। हालांकि इस यात्रा को लाल कृष्ण आडवाणी अलग रूप में देखते हैं और इसे अल्पसंख्यकों व उनके रहनुमाओं पर किया गया प्रहार मानते हैं। वह कहते हैं

जनादेश यात्रा
राम रथ यात्रा की सांप्रदायिकता से उत्साहित आडवाणी ने सत्ता के गलियारे में पहुंचने के लिए 11 सितंबर 1993 को एक बार फिर सरकार के विरोध में जनमत जुटाने के लिए जनादेश यात्रा की शुरुआत की। यह यात्रा स्वामी विवेकानंद के जन्म दिन पर मैसूर से शुरू की गई। इस बार उन्होंने केंद्र की पीवी नरसिम्हाराव सरकार को अपना निशाना बनाया। इसमें उन्होंने संविधान 80वां संशोधन विधेयक तथा लोक प्रतिनिधित्व (संशोधन) विधेयक पर सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने यात्रा के माध्यम से देश में राजनीतिक उबाल लाने का अथक प्रयास किया। इसमें पूर्व उप-राष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत ने जम्मू से यात्रा की, पोरबंदर से मुरली मनोहर जोशी और कलकत्ता से कल्याण सिंह ने। इन चारों स्थान से यात्रा शुरू कर सरकार के विरोध में जनमत जुटाने का प्रयास किया गया, मगर हुआ ठीक इसका उल्टा। यात्रा से केंद्र सरकार के खिलाफ जनमत बढ़ने के बजाए वह पहले से ज्यादा मजबूत हो गई।

स्वर्ण जयंती रथ यात्रा
देश में सशक्त राष्ट्रवाद को पुनर्स्थापित न्यायिक, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्रों में व्यापक सुधार के लिए 15 अगस्त से पहले स्वर्ण जयंती रथ यात्रा की शुरुआत की गई। इसमें सोच, अभिव्यक्ति, आस्था और पूजा की स्वतंत्रा को लक्ष्य बनाया गया। बेवजह बनाए गए लक्ष्य में भी भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी की मंशा पूरी न हो सकी। इस बार भी उन्होंने व्यक्तिगत स्वतंत्रता के नाम पर देश को भड़काकर सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की थी। मंशा थी, देश को सांप्रदायिकता की आग में झोंककर राजनीतिक रोटी सेंकने की, जिसमें उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।

भारत उदय यात्रा
1999 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बनी राजग सरकार के कार्यकाल के दौरान मार्च-अप्रैल 2004 का भारत उदय यात्रा शुरू की गई। इस यात्रा से पहले ही राजग सरकार ने वर्ष 2003 में ‘इंडिया शाइनिंग’ और ‘फील गुड’ का नारा बुलंद किया। आडवाणी की इस यात्रा का उद्देश्य देश के लोगों को सरकार की योजनाओं को देशवासियों तक पहुंचाना और सरकार के पक्ष में जनमत जुटाना था। इसे शुरू करने के पहले भी जुलाई 2003 में भाजपा नेता आडवाणी ने यात्रा करने की कोशिश की थी, लेकिन अकारण उसे टाल दिया गया। इस यात्रा के शुरू होने के बाद सरकार और पार्टी मुगालते में समय से पहले 15वीं लोकसभा का चुनाव करा दिया। इसी फील गुड और इंडिया शाइनिंग के नारों और आडवाणीजी की यात्रा का कुपरिणाम रहा कि राजग चुनाव में हार गया। बता दें कि आडवाणी ने पूरे पांच महीने तक अपनी यात्रा जारी रखा। इसमें भी करीब सौ अरब रुपये बर्बाद किए गए, मगर नतीजा सिफर ही रहा।

भारत सुरक्षा यात्रा
15वीं लोकसभा चुनाव में हार का मुंह देखने के बाद भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने केंद्र सरकार को घेरने के लिए सुरक्षा मामलों को लेकर 6 अप्रैल से 10 मई 2006 भारत सुरक्षा यात्रा निकाली। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करना, जेहादी आतंकवाद और वामपंथी उग्रवाद और अल्पसंख्यक विघटनकारी राजनीति से लोगों को सुरक्षा प्रदान कराना था, मगर हुआ ठीक इसका उल्टा। देश में 2006 के बाद से आतंकी गतिविधियां बढ़ीं और कई बड़े बम धमाके हो गए। आज तक देश बम धमाकों की गूंज से कांप रहा है और हजारों बेगुनाह मौत के गाल में समा गए। इसमें भी पार्टी और आम आदमी का पैसा जमकर पानी की तरह बहाया गया।
कुल मिलाकर भाजपा के इस महारथी की रथ यात्रा का आज तक कोई नतीजा नहीं निकला। यह बात दीगर है कि इनकी यात्राओं ने देश में सांप्रदायिक तनाव को बढ़ाया और हिंसा फैलाने में अहम भूमिका निभाई।

सोमवार, 26 सितंबर 2011

जब ‘नवाब’ बने ‘मुंशी’


उपन्यास सम्राट, आधुनिक कहानियों के पितामह और प्रगतिशील लेखक प्रेमचंद के नाम के आगे ‘मुंशी’ शब्द न जुड़े, तो उनका नाम अधूरा लगता है। मुंशी और प्रेमचंद एक-दूसरे के पर्याय हैं, लेकिन यह कोई नहीं जानता कि लमही के डाकमुंशी अजायब राय के बेटे धनपतराय, नवाबराय और फिर प्रेमचंद, ‘मुंशी’ प्रेमचंद कैसे बन गए। ‘मुंशी’ प्रेमंचद के नाम के पीछे •ाी एक अजीब दास्तां है। क्या है यह अजीब दास्तां है, पढ़िए इस रिपोर्ट में...



विश्वत सेन


हिन्दी साहित्य के उपन्यास सम्राट और आधुनिक कहानियों के पितामह मुंशी प्रेमचंद का पूरा जीवन ही रहस्यमय रहा है। चाहे उनका बाल्यकाल रहा हो या फिर साहित्यक काल। धनपत राय से नवाब राय, फिर नवाब राय से प्रेमचंद और प्रेमचंद से ‘मुंशी’ प्रेमचंद तक के सफर में भी गहरा रहस्य है। यदि आप उपन्यास या कहानी सम्राट का नाम ले रहे हों और उसके आगे मुंशी नहीं लगाया, तो नाम का उच्चारण ही बेमानी साबित होता है। आज प्रेमचंद के नाम का पर्याय है मुंशी। मुंशी उपनाम के बिना प्रेमचंद का नाम अधूरा लगता है, मगर हर किसी को इस बात का पता नहीं है कि प्रेमचंद, मुंशी प्रेमचंद कैसे बनें? क्या आप जानते हैं? यदि नहीं, तो हम आपको बताते हैं। उनके नाम के साथ मुंशी का उपनाम जुड़ने की कहानी भी अजीब है। 
दरअसल, प्रेमचंद के नाम के साथ मुंशी उपनाम कब और कैसे जुड़ गया, इसकी जानकारी आम लोगों को नहीं है। साहित्य से जुड़े कुछ और खासकर उन लोगों को पता है, जिन्हें ‘हंस’ और ‘सरस्वती’ से वास्ता है। अधिकांश लोग यही मान लेते हैं कि शुरुआत में प्रेमचंद अध्यापक थे। उनके जमाने में अध्यापकों को ‘मुंशीजी’ कहा जाता था। इसके अलावा कायस्थों के नाम के पहले सम्मानस्वरूप ‘मुंशी’  शब्द लगाने की परंपरा रही थी। तीसरी बात यह भी है कि पूंजीपतियों के यहां बही-खाते का हिसाब-किताब रखने वालों को भी ‘मुंशीजी’ कहा जाता है। इसीलिए अधिकांश व्यक्ति मुंशी के इन्हीं रूपों को प्रेमचंद के साथ जोड़कर देखते हैं। वे समझते हैं कि शायद इन्हीं कारणों से प्रेमचंद के साथ जुड़कर ‘मुंशी’ रूढ़ हो गया, मगर उनके इस नाम के पीछे की वास्तविकता कुछ और ही है।
प्रोफेसर शुकदेव सिंह के मुताबिक, प्रेमचंद कभी अपने नाम के आगे ‘मुंशी’ शब्द का प्रयोग खुद नहीं करते थे। वह कयास लगाते हैं कि यह उपनाम सम्मान सूचक है। इसे प्रेमचंद के प्रशंसकों ने भी लगा दिया होगा। उनका यह कथन अनुमान पर आधृत है। वास्तविक और प्रामाणिक तथ्य यह है कि प्रेमचंद और कन्हैया लाल मुंशी ‘हंस’ नामक समाचार पत्र में एक साथ काम करते थे। इसके संपादक और सह-संपादक के रूप में प्रेमचंद और कन्हैया लाल मुंशी काम करते थे। कभी-कभी इस पत्र के संपादकीय पृष्ठ पर प्रेमचंद और कन्हैया लाल मुंशी का लेख एक साथ छपता था और एक ही लेख में दोनों का नाम जाता था। प्रेमचंद के नाम के आगे कन्हैया लाल मुंशी का नाम लिखा जाता था। कभी-कभी कन्हैया लाल मुंशी का पूरा नाम न छापकर सिर्फ ‘मुंशी’ लिखा जाता था और फिर उसके पीछे कॉमा लगाकर प्रेमचंद का नाम छपता था। यह नाम कुछ इस तरह ‘मुंशी, प्रेमचंद’ छपता था। इस प्रकार के नाम हंस की पुरानी प्रतियों पर अब भी देखा जा सकता है। कई बार छपाई के दौरान कन्हैया लाल मुंशी के नाम ‘मुंशी’ के बाद कॉमा नहीं लग पाता था और छप जाता था मुंशी प्रेमचंद। कालांतर में पाठकों ने मुंशी और प्रेमचंद को एक समझ लिया और प्रेमचंद बन गए मुंशी प्रेमचंद। छापाखाने की इसी तकनीकी गलती के कारण प्रेमचंद का नाम मुंशी के बिना अधूरा लगता है। प्रेमचंद को जानने वाले यह भी बताते हैं कि उन्होंने कभी अपने नाम के आगे ‘मुंशी’ शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। अपनी कहानियों में उन्होंने हमेशा प्रेमचंद ही लिखा है।
गौरतलब है कि 31 जुलाई, 1880 को जन्मे प्रेमचंद का वास्तविक नाम धनपत राय था। इन्हें नवाबराय के नाम से भी जाना जाता है। मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने नवाबराय के नाम से उर्दू में कहानियां और उपन्यास लिखने लगे। 1910 में ‘सोजे-वतन’ के प्रकाशन के बाद जिला कलक्टर ने उन्हें तलब कर लिया और अंग्रेजी हुकूमत द्वारा उनके लिखने पर रोक लगा दी गई। इसके बाद भी उन्होंने लिखना नहीं छोड़ा। सोजे-वतन के बाद ही बंगाली साहित्यकार के उपन्यासकार शरतचंद्र चट्टोपाध्याय ने पहली बार ‘उपन्यास सम्राट’ के नाम से संबोधित किया। नवाबराय के नाम प्रतिबंध लगने के बाद वे धनपत राय के नाम से लिखते थे, लेकिन उस समय ‘जमाना’ पत्रिका के संपादक मुंशी दयानारायण निगम ने उन्हें प्रेमचंद के नाम से लिखने की सलाह दी। उनकी यह सलाह धनपतराय को पसंद आ गई और उन्होंने प्रेमचंद के नाम से लिखना शुरू किया।
आगे चलकर प्रेमचंद ने हिन्दी कहानी और उपन्यास की एक ऐसी परंपरा का विकास किया, जिस लीक पर पूरी सदी का साहित्य आगे चल पड़ा। उनकी प्रगतिवादी सोच ने आने वाली एक पूरी पीढ़ी को गहराई तक प्रभावित किया और साहित्य की यथार्थवादी परंपरा की नींव रखी। उनका लेखन हिंदी साहित्य की एक ऐसी विरासत बन गई है, जिसके बिना हिंदी का विकास संभव ही नहीं था। वे एक सफल लेखक, देशभक्त नागरिक, कुशल वक्ता, जिÞम्मेदार संपादक और संवेदनशील रचनाकार थे। 20वीं सदी के पूर्वार्द्ध में जब हिंदी में काम करने की तकनीकी सुविधाएं नहीं थीं, तब उनके जैसा काम करने वाला लेखक उनके सिवा और कोई दूसरा नहीं हुआ। प्रेमचंद के बाद जिन लोगों ने साहित्य को सामाजिक सरोकारों और प्रगतिशील मूल्यों के साथ आगे बढ़ाने का काम किया, उनके साथ प्रेमचंद की दी हुई विरासत और परंपरा ही काम कर रही थी। बाद की तमाम पीढ़ियों, जिसमें यशपाल से लेकर मुक्तिबोध तक शामिल हैं।
हिन्दी साहित्य के पितामह प्रेमचंद का साहित्यिक जीवन जिन ऊंचाइयों तक पहुंचा हुआ था, उनका निजी जीवन उससे कहीं अधिक दुखदायी और संघर्षमय था। वाराणसी के नजदीक लमही गांव में हुआ था। उनकी माता आनंदी देवी और पिता मुंशी अजायबराय थे। पिता लमही में डाकमुंशी थे। उनकी शिक्षा की शुरुआत उर्दू-फारसी से हुई, जबकि जीवन की शुरुआत अध्यापन कार्य से। 1898 में मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वे गोरखपुर के एक विद्यालय में शिक्षक नियुक्त हो गए। नौकरी के साथ ही उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और 1910 में इंटर पास किया। 1919 में स्नातक पास करने के बाद स्कूलों के डिप्टी सब-इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त किए गए। सात वर्ष की उम्र में उनकी माता आनंदी देवी और 14 साल की उम्र में पिता अजायबराय का देहांत हो गया। यही कारण है कि उनका शुरुआती जीवन संघर्षमय रहा। उनका पहला विवाह उन दिनों की परंपरा के अनुसार 15 साल की उम्र में हुआ। उनका यह विवाह सफल नहीं रहा। चूंकि, प्रेमचंद आर्य समाज के संस्थापक दयानंद सरस्वती के विचारों से काफी प्रभावित थे, इसलिए वे आर्य समाज से काफी हद तक जुड़े थे। उस समय दयानंद सरस्वती ने विधवा विवाह को लेकर आंदोलन चलाया हुआ था। प्रेमचंद उनके इस मुहिम को सफल बनाने के लिए 1906 में बाल विधवा शिवरानी देवी से दूसरा विवाह किया। प्रेमचंद और शिवरानी देवी की तीन संताने हुर्इं। उनमें श्रीपतराय, अमृतराय और कमला देवी श्रीवास्तव शामिल हैं। 1910 में उनकी रचना सोजे-वतन (राष्ट्र का विलाप) के लिए हमीरपुर के जिला कलक्टर ने तलब किया और उन पर जनता को भड़काने का आरोप लगाया। सोजे-वतन की सभी प्रतियां जब्त कर नष्ट कर दी गई। कलक्टर ने नवाबराय को हिदायत दी कि अब वे कुछ भी नहीं लिखेंगे। यदि लिखा, तो जेल भेज दिया जाएगा। जीवन के अंतिम दिनों में वे गंभीर रूप से बीमार पड़े। उनका उपन्यास ‘मंगलसूत्र’ पूरा नहीं हो सका और लंबी बीमारी के बाद 8 अक्टूबर 1936 को उनका निधन हो गया।

गुरुवार, 22 सितंबर 2011

अगर यह आंदोलन है, तो आंदोलन...?

विश्वत सेन
प्रजातांत्रिक देश में प्रजा सर्वोपरि है। खासकर, भारत जैसे संसार के सबसे बड़े प्रजातांत्रिक देश में उसका महत्व अन्य राष्ट्रों की अपेक्षा अधिक है। जिस देश के संविधान की प्रस्तावना की शुरुआत ही ‘जनता के लिए, जनता के द्वारा’ की गई हो, उसकी प्रजा का क्या कहना। वह चाहे तो तख्ता पलट सकती है ओर चाहे तो ताज पहना सकती है। सब उसकी इच्छा पर निर्भर है, मगर उसकी इच्छा जल्दी बलवती नहीं होती। वह सहनशील है। उसमें सहनशीलता की हद तक सहने की क्षमता है। वह तब तक नहीं बोलती, जब तक कि प्याला भर न जाए। यदि कोई ‘बलात्’ या ‘हठात्’ उसके प्याले को भरने की कोशिश करता है, तो वह प्याला ही छलक जाता है। प्याला भरने का दुष्परिणाम सामने आने लगते हैं। अन्ना हजारे और उनकी टीम का भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन ‘बलात्’ या ‘हठात्’ की नीतियों पर ही आधृत है। पूरी टीम ने प्रजा के सब्र के प्याले को ‘बलात्’ और ‘हठात्’ भरने की कोशिश की है। यही वजह है कि इसका दुष्परिणाम सामने भी आने लगे हैं। सही मायने में देखा जाए, तो टीम अन्ना का भ्रस्ताचार के खिलाफ छेड़ा गया आंदोलन कायदों के अनुरूप खरा नहीं है। हालांकि कुछ लोगों ने अन्ना के इस आंदोलन को महात्मा गांधी, जयप्रकाश नारायण आदि के आंदोलनों से जोड़कर देखना शुरू कर दिया। यह उनकी अपनी सोच हो सकती है, लेकिन कायदे के अनुसार, अन्ना की मुहिम आज भी आंदोलन नहीं है। यह निहित स्वार्थ की पूर्ति के लिए भीड़तंत्र को भड़काकर देश को अस्थिर करने का प्रयास हो सकता है। जो लोग इस मुहिम को आंदोलन का रूप देने में तुले हैं, उन्हें इस बात का भी पता होना चाहिए कि महात्मा गांधी के आंदोलन साधन, साध्य और सिद्धांत पर आधृत होते थे। आंदोलन का सूत्रपात करने के बाद यदि उन्हें लगता था कि उनके एकाध कार्यकर्ता भी उसके सिद्धांतों के अनुरूप खरा नहीं हैं, तो उसे वापस लेने का ऐलान भी कर देते थे। आईआईएम अहमदाबाद के प्रोफेसर अनिल गुप्ता कहते हैं कि ‘‘अन्ना के इस आंदोलन में शामिल ज्यादा लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़े थे, लोकपाल के किसी इस या उस मसौदे के पक्ष में नहीं। ज्यादातर लोगों को इस बात का एहसास नहीं कि सर्फि एक संस्था में इतनी ज्यादा शक्ति केंद्रित करने से लोकतांत्रिक समाज के लिए एक बड़ा जोखिम खड़ा होगा। एक लोकतांत्रिक समाज की आत्मा नियंत्रण और संतुलन में बसती है। इसमें पहली चीज ज्यादा महत्वपूर्ण होती है।’’ नागरिक प्रतिरोध को महात्मा गांधी ने राजनीतिक सुधार के एक औजार के रूप में इस्तेमाल किया था, मगर अब इस नागरिक प्रतिरोध का बेजा इस्तेमाल होने लगा है। इसी नागरिक प्रतिरोध को टीम अन्ना ने निहित स्वार्थों की पूर्ति के लिए इस्तेमाल किया है। प्रोफेसर गुप्ता कहते हैं कि ‘‘अपने निजी हितों को व्यावसायिक और सामाजिक हितों से अलग करने का सिद्धांत गांधीवादी आंदोलनों के मूल्यों से मेल नहीं खाता। आंदोलन के नेता अन्ना हजारे की हैसियत को हर किसी ने स्वीकार किया, लेकिन इसके संचालकों का चरित्र और मंशा संदेह के घेरे में है।’’ इतना ही नहीं, कभी टीम अन्ना के हिस्सा रह चुके और अनशन को तोड़वाने में अहम भूमिका निभाने वाले श्रीश्री 108 श्री रविशंकर जी महाराज भी आंदोलन की प्रक्रिया से इत्तफाक नहीं रखते। रविशंकर जी महाराज कहते हैं कि ‘‘नेतृत्व करने की क्षमता हर किसी में नहीं होती। नेतृत्वकर्ता खुद लोगों को उदाहरण दिखाते हुए उसके आधार पर जीता है और वह पूरी तरह से ईमानदार और निष्पक्ष होता है। जब आपमें अपनेपन की भावना होती है, तो आप यह जान लें कि आने हर किसी को अपना बना लिया है। किसी भी संस्था में अपनेपन की भावना सबसे महत्वपूर्ण होती है। इसीलिए किसी भी संस्था, गैर-सरकारी संस्था या सामाजिक संस्था को अपनेपन की भावना बनानी होती है।’’ प्रोफेसर गुप्ता और श्रीश्री 108 श्री रविशंकर जी महाराज की बातों से यह स्पष्ट है कि टीम अन्ना की संस्था में कहीं न कहीं इस देश की प्रजा के लिए अपनापन नहीं है। उनमें ‘बलात्’ या ‘हठात्’ किसी कार्य को अंजाम देने की भावना भरी है। इसीलिए उनमें बिखराव हो रहा है।
यह बात दीगर है कि वर्ष 2011 की शुरुआत में ही भ्रष्टाचार के खिलाफ जनलोकपाल को देश की प्रजा और संसद से पारित कराने की नींव रख दी गई थी। इसके लिए मुट्ठीभर लोगों द्वारा आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई और आंदोलन को ‘‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’’ के बैनर तले संचालित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए ‘हठी’ अन्ना हजारे को आगे कर एक कोर कमेटी गठित की गई। इसकी स्थापना के समय कोर कमेटी के सदस्यों के रूप में अन्ना हजारे के अलावा किरण बेदी, अरविंद केजरीवाल, शांति भूषण, बाबा रामदेव, महमूद मदनी, आर्च विशप बिशेंट एम कोंसेसाओ, सईद रिजवी, न्या तेवतिया, बीआर लाला आदि को शामिल किया। बाद में, इससे स्वामी अग्निवेश और श्रीश्री 108 रविशंकर को भी जोड़ा गया। इंडिया अगेंस्ट करप्शन के बैनर तले अप्रैल में अन्ना हजारे द्वारा अनशन किया गया। उसी समय 16 अगस्त से दोबारा अनशन करने की घोषणा की गई, हठी अन्ना और उनकी टीम की ‘बलात्’ या ‘हठात्’ की नीति से इंडिया अगेंस्ट करप्शन की संस्थापक टीम में विखंडन शुरू हो गया। इसी का नतीजा रहा कि बाबा रामदेव ने अलग राह पकड़ लिया और खुद के बूते नौ दिन का अनशन किया। टीम अन्ना द्वारा बंद कमरे में तैयार की गई भ्रष्टाचार के खिलाफ तैयार की गई रणनीति पूरी तरह लोगों में बनावटी जोश भरने वाली थी। आज से सालों पहले मुंशी प्रेमचंद ने देश में होने वाले इस प्रकार के बनावटी आंदोलनों को लेकर कहा था कि ‘‘बनावटी जोश में ताकत नहीं, इसका उन्हें अंदाजा नहीं है। असली ताकत वह है, जो अपने बदन में हो। खासकर, बड़े आंदोलनों में तो बनावटी ताकत का सहारा नहीं लेना चाहिए। प्रजा जब तक खुद न संभलेगी, तब तक उसकी कोई रक्षा नहीं कर सकता।’’ इसमें कोई दो राय नहीं कि टीम अन्ना ने भ्रष्टाचार के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम में बनावटपन अधिक था। स्वार्थांध टीम अन्ना को आंदोलन के सिद्धांतों का खयाल ही नहीं रहा। टीम के सदस्य इस बात को भूल गए कि आंदोलन के सिद्धांतों को त्यागने के बाद उन्हें इसके दुष्प्रभावों का सामना भी करना पड़ेगा। उन्होंने कृत्रिम जनसमर्थन के माध्यम से अपनी निरंकुश जनवादिता को देश और सरकार पर थोपने की कोशिश की। इसी का नतीजा रहा कि अनशन के पहले बाबा रामदेव, फिर स्वामी अग्निवेश, जस्टिस संतोष हेगड़े और बाद में श्रीश्री 108 श्री रविशंकर जी महाराज अलग होते चले गए।
दरअसल, यह जानकर लोगों को हैरानी होगी कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस मुहिम की नींव वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव के बाद ही रख दी गई थी। चुनाव के समय भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने देश से बाहर जमा कालेधन को वापस लाने के मुद्दे को उठाकर बैतरणी पार करने की सोची थी। इसके लिए उन्होंने पार्टी स्तर पर पूरजोर कोशिश भी की, मगर संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन का चुनाव जीतने के कारण उनकी मुहिम दो साल पीछे चली गई। कॉमनवेल्थ गेम्स और टूजी स्पेक्ट्रम घोटालों को उजागर होते ही भाजपा की मुहिम बलवती हो गई और उसके नेता सरकार के खिलाफ गोलबंद होने लगे। सड़क से लेकर संसद तक किए गए हंगामे के बाद जब उनका काम सधता नजर नहीं आया, तो उन्होंने कालेधन को छोड़कर भ्रष्टाचार को अपना मुद्दा बनाया। उसे भूनाने की कोशिश की गई, लेकिन इसमें भी उन्हें सफलता नहीं मिली। यह पूरा देश जानता है कि राजग सरकार के कार्यकाल में प्रखर वकील प्रशांत भूषण के पिता शांति भूषण केंद्रीय मंत्री थे। वहीं, टीम अन्ना के सदस्यों में शुमार किरण बेदी को दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त के पद पर बने रहते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत की ओर से सुरक्षा सलाहकार बनाकर भेजा गया था। अरविंद केजरीवाल राजग के शासनकाल में ही ‘पालित-पोषित’ हुए। पार्टी ने अपनी मंशा को पूरा न होते देख परोक्ष रूप से पहले बाबा रामदेव, फिर इन तीनों से अपने ‘एहसान’ का बदला चुकाने की नीति अख्तियार की। इसी का नतीजा रहा कि वर्ष 2010 के आखिरी महीनों में किरण बेदी, अरविंद केजरीवाल, प्रशांत भूषण की ‘तिकड़ी’ बनी और उन्होंने आमीर खान के माध्यम से अन्ना हजारे को शामिल किया। वर्ष 2010 में ही इस तिकड़ी ने सरकार को घेरने के लिए जनलोकपाल का मसौदा तैयार कर लिया था। इसी का नतीजा रहा कि 2011 की शुरुआत में उन्होंने अपने ‘आकाओं’ के इशारे पर तीव्रता के साथ काम करना शुरू कर दिया। यह बात दीगर है कि टीम अन्ना की ‘बलात्’ या ‘हठात्’ की नीति में भाजपा का ‘हाथ भी जल’ गया, लेकिन अब भी उसे इस बात का संतोष है कि वह अपनी मुहिम में बहुत हद तक सफल है।

जेब पर सरकारी ‘डाका’



विश्वत सेन/नई दिल्ली
वर्ष 2011 की जनवरी में अहमदाबाद के पेट्रोल की कीमत 52 रुपये 28 पैसे थी। सितंबर में तीन रुपये के इजाफे के साथ ही इसकी कीमत 70 रुपये 52 पैसे हो गई। यानी, बीते नौ महीने के दौरान अहमदाबाद में औसतन हर महीने 2 रुपये 26 पैसे की दर से बढ़ोतरी हुई। इसी प्रकार देश के दूसरे शहर भी हैं, जहां प्रतिमाह दो से छह रुपये की औसत से पेट्रोल की कीमतों में इजाफा किया गया। पेट्रोल की कीमतों की यह बढ़ोतरी पिछले 20 सालों में कभी नहीं हुई थी। 
सरकार द्वारा पेट्रोल की कीमतों में करीब तीन रुपये की बढ़ोतरी करने का लिया गया फैसला आम आदमी के लिए दुखदायी साबित होगा। पिछले छह महीने के दौरान सरकार ने शहरों में कई स्तरों पर पेट्रोल की कीमतों में इजाफा करके लोगों की जेबों पर डाका डाला है। सरकार आम जनता के हितों को दरकिनार करते हुए पेट्रोल के दामों में इजाफा करती जा रही है, लेकिन उसे लोगों की जेबों और उनकी आमदनी की रत्ती भर भी परवाह नहीं है।
वर्ष 2011 की शुरुआत से ही सरकार द्वारा देश के कई शहरों में पेट्रोल की कीमतों में हुए इजाफों पर नजर डालें, तो पिछले नौ महीनों के दौरान देश में 3 रुपये 38 पैसे से लेकर 15 रुपये 24 पैसे तक वृद्धि की गई है। जनवरी से जून के दौरान गुजरात के अहमदाबाद में सबसे अधिक पेट्रोल की कीमतों में इजाफा किया गया। 25 जनवरी को यहां पेट्रोल की कीमत 52 रुपये 28 पैसे थी, जबकि 22 मई को इसमें बेतहाशा इजाफा किया गया। इसकी कीमत में 15 रुपये 24 पैसे की बढ़ोतरी की गई और यह 67 रुपये 52 पैसे की ऊंची दर पर पहुंच गई। आंध्र प्रदेश के हैदराबाद में मार्च से मई के बीच पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपये 55 पैसे का इजाफा किया गया। 21 मार्च को यहां पेट्रोल की कीमत 65 रुपये 15 पैसे थी। 22 मई को यह बढ़कर 70 रुपये 70 पैसे की दर तक पहुंच गई। दिल्ली में जनवरी  से मई के बीच पेट्रोल की कीमतों में तीन किश्तों में इजाफा किया गया। मई तक इसकी कीमतों में करीब 5 रुपये 04 पैसे का इजाफा किया गया। 16 जनवरी को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 58 रुपये 37 पैसे थी। 15 मई 2011 तक इसकी कीमत 63 रुपये 41 पैसे कर दी गई। इसी प्रकार मुंबई और कोलकाता में भी पेट्रोल की कीमतों में इजाफा किया गया। मुंबई में जनवरी से जून के दौरान इसकी कीमत में 5 रुपये 25 पैसे और कोलकाता में फरवरी से मई के दौरान 4 रुपये 81 पैसे का इजाफा किया गया। दो दशक पहले के दामों पर नजर डालें, तो वर्ष 1989 में पेट्रोल की कीमत 8 रुपये 50 पैसे थी। अब यही कीमत 80 रुपये प्रतिलीटर की ऊंची दर को छूने के लिए बेकरार है।
इसके विपरीत देश में आम लोगों की आय में बढ़ोतरी नहीं हुई है। यह बात दीगर है कि सरकार ने वर्ष 2008 में छठे वेतन आयोग सिफारिशों को मानकर सरकारी कर्मचारियों को झुनझुना थमा दिया है, लेकिन पेट्रोल की कीमतों और महंगाई दरों में हो रही बढ़ोतरी उनकी जेबों पर भी भारी पड़ रही है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की 2010 की रिपोर्ट की मानें, तो भारत में प्रति व्यक्ति औसत सालाना आय 1 लाख 63 हजार 611 है। वहीं विश्व बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की प्रति व्यक्ति औसत आय 72 हजार रुपये से अधिक नहीं है। औसत आय में अस्थिरता और आमदनी के सीमित संसाधनों के बीच सरकार आम आदमी के हितों को नजरअंदाज कर अंतरराष्ट्रीय बाजारों का हवाला देते हुए पेट्रोलियम पदार्थों, रसोई गैस और खाद्य सामग्रियों की कीमतों में लगातार इजाफा करती जा रही है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अकेले अगस्त महीने में महंगाई दर दहाई के आंकड़े को छूने की स्थिति में पहुंच गई है। 13 सितंबर को पेश की गई रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त महीने में महंगाई दर 9.78 फीसदी तक पहुंच गई है। यह सरकार के लिए चिंता का विषय हो या न हो, लेकिन आम आदमी के लिए दुखदायी जरूर है। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से सरकार और उसके मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों की मंशा भी साफ दिखाई दे रही है। आम आदमी के हितों का ढिंढोरा पिटने वाली संप्रग की सरकार अब पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी के नाम पर सीधे आम आदमी की गर्दन पर ही हाथ रखने का काम कर रही है।




भारत के शहरों में वर्ष 2011 में कब कितनी बढ़ी पेट्रोल की कीमतें
शहरों के नाम तिथि पट्रोल की कीमतें कुल बढ़ोतरी
अहमदाबाद  25 जनवरी 2011 52.28 रुपये
         22 मई 2011 67.52 रुपये 15.24 रुपये वृद्धि
हैदराबाद  21 मार्च 2011 65.15 रुपये
        15 मई 2011 70.70 रुपये 5.55 रुपये वृद्धि
जयपुर  05 मई 2011 62.64 रुपये
        16 मई 2011 67.45 रुपये 4.81 रुपये वृद्धि
कोलकाता        28 फरवरी 2011        62.50 रुपये
       15 मई 2011 67.31 रुपये 4.81 रुपये वृद्धि
मंगलुरू 22 जनवरी 2011 64.55 रुपये
       23 मई 2011 71.00 रुपये 6.45 रुपये वृद्धि
चेन्नई 08 फरवरी 2011 65.00 रुपये
       15 मई 2011 68.38 रुपये 3.38 रुपये वृद्धि
मुंबई        16 जनवरी 2011 63.08 रुपये
       12 जून 2011 68.33 रुपये 5.25 रुपये वृद्धि
दिल्ली        16 जनवरी 2011 58.37 रुपये
       15 मई 2011 63.41 रुपये 5.04 रुपये वृद्धि
बड़ौदा        18 फरवरी 2011 61.51 रुपये
       16 मई 2011 68.00 रुपये 6.49 रुपये वृद्धि


अन्य देशों में पेट्रोल की कीमत
देश प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत
दोहा-कतर 8 रुपये 25 पैसे
सऊदी अरब 8 रुपये 53 पैसे
संयुक्त अरब अमीरात 18 रुपये 14 पैसे
मलेशिया         24 रुपये 11 पैसे
ईरान 25 रुपये 53 पैसे
चीन                                   37 रुपये 31 पैसे

पाकिस्तान                            39 रुपये 22 पैसे

कनाडा                              53 रुपये 01 पैसे

फ्रांस                                74 रुपये 84 पैसे

आॅस्ट्रेलिया                        61 रुपये 61 पैसे

अमेरिका                          39 रुपये 64 पैसे

जर्मनी                           73 रुपये 75 पैसे

इटली                          75 रुपये 34 पैसे

श्रीलंका                        47 रुपये 04 पैसे

बुधवार, 21 सितंबर 2011

मुठभेड़ों का ‘सच’



विश्वत सेन
भे  
देश की सेना और पुलिस को सरकार से वाहवाही या फिर पेचीदे मामलों को सुलझाने की दरकार होती है, तो वह फर्जी मुठभे ड़ कर बेगुनाहों को मौत की घाट उतारने में देर नहीं करती। सेना ने अभी छह अगस्त को कश्मीर में विक्षिप्त व्यक्ति को मारकर पाक प्रशिक्षित आतंकी को मुठभेड़ में मारने का दावा किया था। बाद में पता चला कि वह मुठभेड़ पूरी तरह फर्जी था। सेना के जवानों ने स्वाधीनता दिवस के पहले सरकार की वाहवाही लूटने के लिए जम्मू से किसी विक्षिप्त को पकड़कर पूंछ जिले में मार गिराने की कारगुजारी की। जम्मू-कश्मीर में यह कोई इकलौता मुठभेड़ नहीं था। इसके पहले भी सेना और पुलिस के जवानों की ओर से कई फर्जी मुठभेड़ में तथाकथित आतंकियों के मार गिराने का मामला प्रकाश में आया है। यह सच है कि आतंकवाद, नक्सलवाद और अपराधों के साए में पल रहे इस प्रजातांत्रिक देश की सेना और पुलिस सच का संधान करने के बजाए फर्जी मुठ•ोड़ कर मामले को सुलझाने का दुस्साहस करने में गुरेज नहीं करती। इसी का नतीजा है कि आज जम्मू-कश्मीर के कब्रों में दो हजार से भी अधिक बेनामी और लावारिश लोगों की लाश दफन है।
देश में अकेले जम्मू-कश्मीर ही ऐसा राज्य नहीं है, जहां वाहवाही और सम्मान लुटने के लिए फर्जी मुठभेड़ किए जा रहे हों, बल्कि तमाम राज्यों में पुलिस इस प्रकार के मुठभेड़ों को अंजाम दे रही है। सेना और पुलिस के इस कारनामे पर उंगलियां उठती रही हैं और अभी हाल ही में मानवाधिकार आयोग ने भी उठाए हैं। हालिया जारी रिपोर्ट में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने कहा है कि घाटी में 38 स्थानों पर 2156 लोग सामूहिक कÞब्रों में दफन हैं। बीते दो दशक के दौरान यह पहली बार है, जब मानवाधिकार संस्था ने घाटी में सामूहिक कब्रों में बेनामी और लावारिस लाशों की मौजूदगी को स्वीकार किया है। रिपोर्ट में यह कहा गया है कि तस्लीम कश्मीर की उन सैकड़ों औरतों में हैं, जिनके पति और बेटे लापता हो गए हैं। पिछले छह साल से इंसाफ की जंग लड़ रही है। 27 साल की तस्लीम का कहना है अब उसे इंसाफ मिल जाएगा। साल 2007 में तस्लीम के शौहर नजीर अहमद की लाश जिला गांदरबल की एक गुमनाम कब्र से बरामद हुई थी। सेना और स्थानीय पुलिस पर आरोप है कि दक्षिणी कश्मीर के जिले कोकरनाग के रहने वाले नजीर अहमद को पुलिस के कथित तौर पर स्पेशल आपरेशन ग्रुप ने फरवरी 2006 को श्रीनगर से अगवा कराया था और गांदरबल में उसे एक फर्जी मुठभेड़ में मारकर पाकिस्तान चरमपंथी के तौर पर गांदरबल में दफन कर दिया गया।
सेना और पुलिस के इस कारनामे के बीच एक बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि सामूहिक कब्रों में दफन 2156 लाशों की शिनाख्त कैसे की जाए? मानवधिकार आयोग के प्रमुख सेवानिवृत्त न्यायाधीश बशीर अहमद का कहना है कि अभी यह रिपोर्ट सरकार के सामने पेश नहीं की गई है, लेकिन इन मामलों में सरकार ही जवाबदेह है। उनका कहना है कि काफी जांच-पड़ताल के बाद वे इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि कहीं न कहीं सरकार की प्रशासनिक क्षमता की कमी की वजह से बेगुनाहों का कत्ल किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि सेना ने आतंकवादियों के नाम पर जिन बेगुनाहों को हलाक किया है, उनके परिजनों को इंसाफ मिलना ही चाहिए।
बता दें कि वर्ष 2008 में मानवाधिकार के लिए काम करने वाले संगठनों ने एक रिपोर्ट में अकेले उत्तरी कश्मीर में दर्जनों सामूहिक कब्रों में 2800 बेनामी लोगों की लाश दफन होने का दावा किया था। नजीर अहमद का मामला प्रकाश में आने के बाद आनन-फानन में सरकार ने चार अफसरों और कई जवानों को गिरफ्तार किया था।

जम्मू-कश्मीर में फर्जी मुठभेड़
छह अगस्त मानसिक विक्षिप्त को लश्कर-ए-तैयबा का डिविजनल कमांडर अबु उसमान बताकर फर्जी मुठभेड़ में हलाक करा दिया गया। इस फर्जीवाड़े का श्रेय लेने के लिए सेना ने भी ऐलान कर दिया कि जिला पुंछ के सुरनकोट में 12 घंटे तक चली मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी अबु उसमान को ढेर कर दिया गया है। विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) नूर हुसैन सेना में स्थायी नौकरी चाहता था और थल सेना के एक जवान अब्दुल माजिद को नकद इनाम हासिल करने की इच्छा थी। फलस्वरूप दोनों ने एक साजिश रची और चार अगस्त को राजौरी की गुज्जर मंडी से एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को उठाया और उसे सुरनकोट ले गए। इसके बाद दोनों ने सेना को मुखबरी की कि जिला पुंछ के मरहोटा क्षेत्र में सीमा पार से आए आतंकवादियों को देखा गया है। सेना ने उस क्षेत्र को घेर लिया और उस निर्दोष की हत्या करने के बाद ऐलान कर दिया गया।
सोहराबुद्दीन फर्जी एनकाउंटर
22 नवंबर 2005 को हैदराबाद से महाराष्ट्र के सांगली जा रहे सोहराबुद्दीन और उसकी पत्नी कौसरबी को कथित तौर गुजरात पुलिस ने उठा लिया था। इसके बाद 26 नवंबर 2005 को गुजरात पुलिस ने एक फर्जी मुठभेड़ में सोहराबुद्दीन की कथित तौर पर हत्या कर दी थी। कुछ दिनों बाद कौसरबी रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई थी। इस संदिग्ध मुठभेड़ में गोधरा दंगों की गूंज के चलते बार-बार गुजरात के मुख्यमंत्री बनने वाले नरेंद्र मोदी का नाम जुड़ा हुआ है। हालांकि इसका मामला हाईकोर्ट से होते हुए अभी सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है और गुजरात के कई पूर्व मंत्रियों को इसकी सजा भी मिल चुकी है। मामले की जांच सीबीआई कर रही है।
इशरतजहां  फर्जी मुठभेड़
2004 इशरतजहां और तीन दूसरे लोगों का मुठभेड़ फर्जी था। आतंकवादी बताकर इन लोगों को मुठभेड़ में मार दिया गया। इन्हें जिस तरह से मारा गया था, वह पूरी तरह से फर्जी था। गुजरात पुलिस ने इशरतजहां और तीन अन्य को चरमपंथी संगठन लश्कर का सदस्य बताया गया था। इस मामले की जांच भी सीबीआई कर रही है और सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में हो रही है।
दारा सिंह एनकाउंटर
राजस्थान के मानसरोवर थाना क्षेत्र में 23 जून 06 को दारासिंह उर्फ दारिया को एसओजी ने मुठभेड़ में मार गिराया था। उसकी पत्नी सुशीला ने एसओजी पर एक भाजपा नेता और पूर्व मंत्री के दबाव में पति की फर्जी मुठभेड़ में हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में मुठभेड़ को सही मानते हुए एफआर (अंतिम रिपोर्ट) पेश कर दी थी। मामला हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने इस मामले की जांच शुरू की थी। दारा सिंह के परिवार पर बयान बदलने के लिए दबाव डाला जा रहा है। यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी दी गई है। दारा के परिवार ने इसकी शिकायत सीबीआई के निदेशक से की है और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मुरैना फर्जी मुठभेड़
22 नवंबर 2010 को टेंटरा थाना क्षेत्र के जाटौली गांव के बीहड़ों में मुठभेड़ में मुरैना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी चार डकैतों को मारने का दावा किया था। उसका कहना था कि संजू सिंह, गुड्डू सिंह, सोनू व अनिल काछी डकैत हैं। उसने मुठभेड़ स्थल से तीन राइफल, पिस्तौल और कारतूस मिलने का भी दावा किया गया था। मुठभेड़ की न्यायिक जांच कर रहे सबलगढ़ के तत्कालीन एसडीएम विकास नरवाल ने मुठभेड़ पर अहम सवाल उठाए थे।
दतिया फर्जी मुठभेड़
22 अप्रैल 2005 को दतिया पुलिस ने डबरा निवासी खुशालीराम, उसके भाई बालकिशन और कल्ली के साथ घर से उठा लिया। कुछ दिन के बाद बालकिशन और कल्ली को तो छोड़ दिया गया, लेकिन खुशालीराम पुलिस गिरफ्त में ही रहा। 5 फरवरी, 2007 को दतिया पुलिस ने खुशालीराम को डकैत कालिया उर्फ बृजकिशोर बताते हुए मुठभेड़ में मारने का दावा किया। बाद में 29 अप्रैल, 2009 को झांसी पुलिस ने डकैत कालिया को एक मुठभेड़ में जिंदा पकड़ लिया।


हांफती सरकारें, भागते लोग

विश्वत सेन
जिस समय देश के महापुरुष इस देश को आजादी जंग लड़ रहे थे, उस समय उनके दिमाग में यह दूर-दूर तक नहीं था कि जिसके लिए वह अपने प्राणों को न्योछावर करने जा रहे हैं आने वाले दिनों में उस देश का हश्र बुरा होगा। आज हम खुद को आजाद देश का नागरिक होने का दंभ भले ही भर रहे हों, लेकिन आज भी हम दुनिया की अर्थव्यवस्था के गुलाम हैं। अमेरिका की साख में बट्टा लगता है, तो बाजार का धड़ाम से गिरने का भय हमें सताता है। लीमैन ब्रदर्स खुद को दिवालिया घोषित करती है, तो आर्थिक मंदी का शिकार भारत को होना पड़ता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें बढ़ती हैं, तो हमारे देश में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हो जाती है। ऐसी स्थिति में फिर हम काहे का आजाद हैं। इसका मतलब तो यह हुआ कि हमारा अर्थतंत्र पूरी तरह से दूसरे के कंधों पर टिकी है।
सरकार कहती है कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों और दुनिया के मठाधीशों के आगे हम मजबूर हैं, क्योंकि हमें उन मठाधीशों से मदद मिलती है। देश की राज्य सरकारें कहती हैं कि हम केंद्र के आगे मजबूर हैं, क्योंकि केंद्र से अरबों रुपये का अनुदान मिलता है। स्थानीय निकाय कहते हैं कि हम राज्य सरकार के आगे नतमस्तक हैं, क्योंकि उससे हमें योजनाओं की राशि मिलती है। इन सबसे इतर यह कि राज्य और केंद्र सरकारें अपने अफसरशाहों और सफेदपोशों के आगे नतमस्तक है, क्योंकि ये देश को चलाने वाली योजनाएं बनाते हैं। योजनाएं बनती हैं और क्रियान्वित भी की जाती हैं, लेकिन उसका फायदा देश की सिर्फ चालीस फीसदी आबादी को ही मिल पाती है। बाकी की 60 फीसदी आबादी मोहन लाल महतो वियोगी की कविताओं को ही चरितार्थ करने में जुटी है। यह बात दीगर है कि उपोक्तावाद और बाजारवाद के इस युग में ग्रामीण इलाकों में भी कुछ लोगों की क्रयशक्ति बढ़ी है, लेकिन अधिकांश किसान, आदिवासी, मूसहर और उपेक्षित वर्ग के लोग अपने जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भाग रहे हैं। सुबह एक जून की रोटी किसी तरह खा लेते हैं, तो रात की चिंता सताती रहती है। दिनभर पत्थर कूटने के बाद ही शायद उन्हें सावन-भादो के महीने में मकई की रोटी और बथुए का साग नसीब हो पाता है। उनके पास महंगे कोल्ड ड्रिंक्स गटकने के पैसे नहीं हैं। उनके सामने अशिक्षा, बेकारी और गरीबी आज भी आजादी के पहले की ही तरह मुंह बाए खड़ी है।
राज्य सरकारें बीपीएल और गरीब परिवार को दो जून की रोटी मुहैया के नाम पर दो रुपये किलो गेहूं और पौने पांच रुपये किलो चावल मुहैया कराने की अनेकानेक योजनाएं चला रही हैं, लेकिन क्या इन सभी योजनाओं का लाभ बीपीएल परिवार के लोगों तक पहुंच रही हैं? इसकी तह में जाने पर स्पष्ट हो जाता है कि दो जून की रोटी के लिए तरसने वाले लोग आज भी फटेहाल और बेहाल हैं। उनका पेट भूख से सटकर पीठ में समा गया है और उनके बच्चे पेट की आग को बुझाने के लिए अपना बचपन र्इंट भट्ठों पर या फिर जंगलों में सूखी लकड़ियां बीनते हुए बिता रहे हैं। यह यहीं तक सीमित हो, तो कोई बात नहीं, लेकिन बाल श्रम की चक्की में पिसता बचपन आज भी शहरों, कस्बों, नगरों और महानगरों के ढाबों में सिसकता हुआ मिल जाएगा। बंगाल के किसी बाप का बेटा अंबाला के ढाबे में अपने परिवार से जुदा दिन काट रहा है, तो किसी की बेटी पंचकूला में किसी अफसर की बीवी की कलछी का शिकार हो रही है। यह सुनकर दिल पसीज जाता है, जब किसी ढाबे पर काम करने वाला बालक कहता है कि उसे घर जाने की फिक्र हो रही है, मगर वह जाए कैसे? उसके माता-पिता उसे अकेला ही छोड़कर चले गए हैं। पंजाब, हरियाणा, गुजरात, केरल, कर्नाटक आदि समृद्ध राज्यों को छोड़ दें, तो देश के अधिकांश राज्यों की आबादी आज भी गुलामी की ही जिंदगी जी रही है।
विकास के नाम पर देश के राज्यों को बांट दिया गया और नए राज्यों के गठन की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक जिन राज्यों को एक दशक पूर्व अलग किया गया है वही हांफ रहे हैं। छत्तीसगढ़ को छोड़ दें, तो इसके साथ अलग हुए दो राज्य उत्तराखंड और झारखंड की हालत अच्छी नहीं है। विकास के नाम पर यहां भी सिर्फ आंसू ही बहाए जा रहे हैं। खासकर, झारखंड विभाजन के बाद से आज तक राजनीतिक उथल-पुथल से ही नहीं उबर पाया है, तो वह विकास की बात कितनी सोच सकेगा जाहिर है। अभी हाल ही में विभाजित राज्यों की बात छोड़ भी दें, तो पहले से स्थापित राज्यों में राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश में भी विकास की गति कछुआ ही है। यहां भी नौकरी-पेशा लोगों को छोड़कर बाकी की स्थिति अच्छी नहीं है। यहां भी गरीबी और भुखमरी सिर चढ़कर बोल रही है। सबसे खराब स्थिति तो उड़ीसा की है, जहां के लोगों को अपनी पेट की धधकती ज्वाला को शांत करने के लिए अपने जिगर के टुकड़े को बेच देना पड़ रहा है। सुनकर और पढ़कर दिल दहल जाता है और मन दहाड़मारकर रोने को होता है, जब किसी मां द्वारा पेट की शांत करने के लिए कलेजे के टुकड़े को मार देने की खबर आती है। शर्म से आंखें तब झुक जाती हैं, जब महाराष्ट्र, उड़ीसा, बंगाल, राजस्थान और देश के दूसरे गरीब राज्यों की महिलाएं रोजी चलाने के लिए सड़कों पर उतर आती हैं। केंद्र और राज्य सरकारों के भंडारों के बाहर अनाज सड़ रहे हैं, लेकिन देश के गरीबों का पेट भरने के लिए उसके पास अनाज नहीं है।