सोमवार, 31 अक्टूबर 2011

सिर्फ एक आम आदमी


विश्वत सेन
वह दीपक नहीं, पर जलता है
वह हीरा नहीं, पर घिसता है
वह सोना नहीं, पर तपता है
वह शोषित है, पर आह नहीं
वह राही है, पर राह नहीं
वह इस जग का दुत्कार है।
दीन-दुखियों की पुकार है
फटे-पुराने चीथड़ों पर,
रोटी के दो-एक टुकड़ों पर
जीवन गुजारा करता है,
कभी न आहें भरता है
न जीता है, न मरता है,
लेकिन गुजारा करता है।
जग के प्यारे हैं सारे,
राज दुलारे हैं सारे
पह वह इस जग का है मारा
युग के जुए को है सम्हारा
न देखता है वह आगे
और न देखता है वह पीछे,
एक राह पर चल रहा वह
बस अपनी आंख मीचे।
लग ही जाती है सहसा,
दुनिया की ठोकरें
गिर ही जाता है वह सहसा,
शहर के उस मोड़ पे
जहां पर अल्फ्रेड की
बुत है एक खड़ी
और खाने को पड़ी है
बेंत की वो चार छड़ी।
कोई मुलाजिम आएगा,
उस मोड़ पर अकड़कर
और साथ ले जाएगा उसे
हथकड़ियों में जकड़कर।
जाके थानेदार से,
वह कहेगा चार बातें,
पीठ पर उसकी पड़ेगी
कोतवाल की सात लातें
और कहा जाएगा उससे,
बोल तू ने कितनी पी है
या कि तेरी जेब में,
शराब की बोतल पड़ी है।
जग का मारा, वह बेचारा
मांगेगा थोड़ा-सा पानी,
चार हंटर खाने पर फिर
याद आ जाएगी नानी।
डेमोक्रेटिक इस देश में,
यह नहीं है, वह नहीं है
पर है यह इस देश का
सिर्फ एक आम आदमी।

शनिवार, 29 अक्टूबर 2011

नहीं फटेगी छाती

विश्वत सेन 
चाक हाल देख कुम्हार का 
चाक चाक़ से बोला
बिना चाप के चाल न होगी
औ चाल रह जायेगा खुल्ला
मिट्ठी करो जरा पाणी को 
धूल धौल गिर जमाव 
हरिणी के दिन आवेंगे 
धन पावस लियो कराय
विधु हिरणी-सी चमकत हरिणी 
वेद-वेदांत पूजाय
मृदुमृदा के सेज-सज्जा पर 
इन्हें लियो बुलाय
ताहि समय देख केहु पाहन 
पायन लियो पखार 
घृत, दधि, अईपन के बिना भी
आरती लियो उतार
चक्र चाव सुन जागा चक्रधर 
धरणी लियो सम्हार
धर धरनी ओटन लगे 
करन लगे बेडा पार
ताहि समय कछु देख कै
हरिणी का हिया डोला 
रजत, ताम्र, सुवर्ण, पुष्प लै
चक्रधर से बोला 
पूरी हुयी धरणी तुम्हारी 
अब बनेगी चाल 
चाक चाप के धरियो
नहीं रहोगे फटेहाल 
हरिणी के सम्मुख देख कै 
चक्रधर भये निढाल 
धूल पाणी जोड़ी कै 
चरणामृत दिए डाल
धन्य भया जीवन उनका 
धन्य भई चकबाती
अब हरिणी के बिना कभी 
नहीं फटेगी छाती

शुक्रवार, 28 अक्टूबर 2011

तामस से कभी प्यार न कर


विश्वत सेन
दुर्वासा ही नहीं थे जग में,
जिनको गुस्सा आता था।
सृष्टि के हर प्राणी को,
अब भी गुस्सा आता है।।
गुस्से के वशीभूत होकर,
मनुज-दनुज बन जाता है।
विभीषण-शकुनी को तजकर,
सीधा समर कर जाता है।।
कभी अकारण आता है यह,
कभी सकारण आता है।
जब आता, तब होश न रहता,
जाते मनुज पछताता है।।
क्षणभर के आवन-जावन में,
सुषुप्त लहू को भड़काता है।
दीनबंधु से वैर करावे,
सरोकार तुड़वाता है।।
जग में तिल-तिल जीने को,
विवश यही करवाता है।
सुविचारी-कुविचारी को,
जवान-ए-जंग बनवाता है।।
अपने पे यदि आ जाए मनुज,
तो वंश नष्ट हो जाता है।
बैठ निखट्टू फिर जीवनभर,
वही मनुज पछताता है।
शंभू नहीं अब कोई जग में,
जो गरलाम्बु पी जाएगा।
नीलकंठ से लिपट गरलधर,
शीत-शांत हो जाएगा।।
सब मानव तनधारी हैं,
कलियुग के व्यभिचारी हैं।
पल-दो-पल सब्र को,
जो न कभी बांधा है।
जिसने दमभर के लिए सही,
खुद को न कभी साधा है।।
वह जग को अब क्या बांधेगा,
असाध्य को क्या साधेगा?
खुद को साधे, सब सधता है,
बिना बांधे सब बंधता है।
सुयोधन ही जब साध न सका,
अखिल ब्रह्म को बांध न सका।
तू तो मात्र मनुज है,
इन दुराचारियों का अनुज है।
परजीवि, परगामी है,
दशानन का अनुगामी है।।
वह भी किसी का हो न सका,
बंधु विच्छेद पर रो न सका।
ईश्वर को भज लेता तो,
क्रोध को तज लेता तो,
अभिमानी, हतभागी न बनता।
गार्हस्थ जीवन का वैरागी न बनता।।
कंद, मकरंद और वैरागी,
तीनों अनुग्रह के अधिकारी।
उठकर तू हुंकार तो कर,
‘हरियाली’ का सत्कार तो कर।
जुड़ जायेंगे, दिग-दिगन्त,
तेरा यश भी होगा जीवन्त।
बड़ों से कभी रार न कर,
तामस से कभी प्यार न कर।
तामसी यदि होती दुनिया,
‘अमर प्रेम’ न करती दुनिया।
जीवन है अनमोल रतन,
बाकी हैं सब तुच्छ धन।
प्राणी मात्र की रक्षा कर,
तामस से कभी प्यार न कर।।

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

सफलता का सरल यन्त्र


विश्वत सेन 
पहले उठकर करो प्रणाम 
निज मात-पिता हैं धरती के धाम!
अतिथि-अभ्यागत हैं दूसरे देव 
जग में उत्तम हैं गुरुदेव!!
मात-पितर की पूजा करना,
गुरुओं को देना सम्मान!
अतिथि-अभ्यागत की पूजा करना,
प्रबुद्धजनों का रखना मान!!
फिर करो तुम कल की चिंता
जागने से सोने तक औ'
सोने से जागने तक,
कर्मदेव की पूजा करना 
फलाफल से जी न भरना!
बन जायेंगे बिगड़े काम
ईश्वर का तुम धरना ध्यान!
जिसने लिया आलस का सहारा 
उसे फिर कष्टों ने मारा!
कई थपेड़े सहने पड़ेंगे 
आतप-आंधी सहने पड़ेंगे!
फिर न मिलेगा कोई सहारा 
क्यूंकि आलस ने है तुमको मारा!!
प्रबुद्धजनों की मानों बात 
कभी न आएगा झंझावत!
जीवन सुखमय हो जायेगा,
फिर न कभी तू पछतायेगा!!
यदि तुमने कभी 'सार' न सीखा,
रह जाओगे 'ठूंठ' सरीखा!
यही जीवन का हिया मूल मंत्र
सफलता का सरल यन्त्र!

त्रिशूल गायब

विश्वत सेन
एक बार हिम शिखर पर
उठा बवंडर भारी 
गुस्से से लाल-पीले 
हो रहे थे जटाधारी  
उनका त्रिशूल गायब था 
हो रही थी उन्हें फ़िक्र भारी 
माता जया से सक्रोध पूछा,
बता, त्रिशूल कहाँ है नारी?
शांत भाव से माता बोलीं,
क्रोध तजो तो त्रिपुरारी.
आज शाम पुत्र गणेश 
जा रहा था बाज़ार,
संग में उसके जा रही थी,
एक सुन्दर लड़की प्यारी
चाउमीन खाने को कहता था,
पर नहीं था घर में आटा.
कह गया है मुझसे, कह देना 
ले जाता हूँ पापा का कांटा

रविवार, 23 अक्टूबर 2011

अनजान पथ का राही हूं


अनजान पथ का राही हूं
फक्कड़पन का हमराही हूं
तिमिरांध मिटाना है मुझको
ज्ञानांजन लगाना है मुझको
दुर्गम पथ हो मेरा आलोकित
यदि ज्ञान दें हमको समयोचित
अडिग अविचल डटा रहूंगा
नीलकंठ से सटा रहूंगा
यही मेरी अभिलाषा है
मृगतृष्णा है, मृदुभाषा है

गुरुवार, 20 अक्टूबर 2011

चित्कारता क्यूं है मनुज?




विश्वत सेन

चित्कारता क्यूं है मनुज?
दहाड़ता क्यूं है मनुज?
जब मन का नहीं होता,
तो मन को मारता क्यूं है मनुज?
कूदरत की तरह नेमतें देती है ज़िंदग़ी
ग़र हो मुकाबिल,
तो मौके भी देती है ज़िंदग़ी
हर कदम पे पड़ा है किस्मत का ख़ज़ाना
हर शख्स को एक अक्ल भी
देती है ज़िंदग़ी
ग़र क़ाहिली को बेबसी बताए कोई
तो बेकसी का सितम भी ढाती है ज़िंदग़ी
फिर हाल-बेहाल होकर
पछताता क्यूं है मनुज?